टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का बहुप्रतीक्षित न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबला लगातार बारिश की भेंट चढ़ गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी और अंततः अंपायर्स को इसे रद्द घोषित करना पड़ा। टॉस भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे हुआ, जिसमें पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था। मैच शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन टॉस के कुछ ही देर बाद बारिश ने दस्तक दे दी और फिर मौसम ने खेल की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी।
लगातार बारिश के चलते मैदान को पूरी तरह कवर से ढक दिया गया और लगभग ढाई घंटे तक मौसम के साफ होने का इंतजार किया गया। हालांकि, बारिश थमने के कोई संकेत नहीं मिलने पर मैच रेफरी ने नियमों के अनुसार मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया। आईसीसी के नियमों के तहत मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया।
इस परिणाम ने सुपर-8 के सेमीफाइनल समीकरण को और अधिक जटिल बना दिया है। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान, दोनों ही टीमों के लिए यह रद्द मुकाबला बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि अब उनके पास अंक तालिका में मजबूत स्थिति बनाने का मौका कम हो गया है। अब दोनों टीमों को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने शेष दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।
पाकिस्तान की अगली भिड़ंत 24 फरवरी को इंग्लैंड से पल्लेकेले में होगी, जबकि 28 फरवरी को उसे श्रीलंका के खिलाफ उसी मैदान पर उतरना है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को श्रीलंका से कोलंबो में भिड़ेगी और इसके बाद 27 फरवरी को उसका मुकाबला इंग्लैंड से भी इसी मैदान पर खेला जाएगा।
ध्यान देने वाली बात यह है कि आईसीसी ने सुपर-8 चरण के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं किया है, जिससे बारिश के कारण मैच रद्द होने की स्थिति में टीमों के पास दोबारा खेलने का विकल्प नहीं होता। लीग चरण में भी यही नियम लागू था, जबकि केवल सेमीफाइनल और फाइनल के लिए ही रिजर्व डे रखा गया है। ऐसे में मौसम का असर टूर्नामेंट के परिणामों पर सीधे तौर पर पड़ता दिखाई दे रहा है, जिससे आगे के मुकाबले और भी निर्णायक और रोमांचक हो गए हैं।
Correspondent – Shanwaz Khan


