राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय छात्र ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 20 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11:07 बजे की बताई जा रही है, जब स्टेशन कंट्रोलर को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक युवक ने द्वारका की ओर से आ रही मेट्रो ट्रेन के सामने अचानक छलांग लगा दी।
मेट्रो ट्रेन के नीचे आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद मेट्रो प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए मेट्रो सेवा भी प्रभावित रही और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान अश्विनी डागर (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नजफगढ़ इलाके का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उत्तम नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र किसी व्यक्तिगत कारण से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता दिल्ली परिवहन निगम (DTC) में संविदा चालक के रूप में कार्यरत हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही परिवार और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
Correspondent – Shanwaz Khan


