Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीपटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुनवाई से...

पटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुनवाई से पहले सुरक्षा कड़ी

पटना। राजधानी स्थित पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। चार दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब अदालत परिसर को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ताजा धमकी के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की दो अलग-अलग मामलों में जमानत याचिकाओं पर सुनवाई प्रस्तावित थी। सुनवाई से ठीक पहले धमकी मिलने के कारण स्थिति संवेदनशील हो गई। कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सिविल कोर्ट के तीनों मुख्य द्वार बंद कर दिए और किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी।

सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली गई। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं और साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अदालत को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। बुधवार को भी कोर्ट में पप्पू यादव की पेशी तय थी, लेकिन उसी दिन धमकी मिलने के बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों ने न केवल न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित किया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिकाएं दो मामलों में लंबित हैं। एक मामला बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने से जुड़ा है, जबकि दूसरा कोतवाली थाना का वर्ष 2017 का मामला है। इन मामलों में नियमित जमानत की मांग की गई है। पहले एक पुराने मामले में जमानत मिलने के बावजूद अन्य मामलों में सुनवाई लंबित रहने के कारण उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया था।

लगातार तीसरी बार धमकी मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। अदालत परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है। न्यायालय प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आज प्रस्तावित सुनवाई निर्धारित समय पर हो पाएगी या फिर एक बार फिर स्थगित करनी पड़ेगी। हालांकि पुलिस और प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि न्यायिक कार्य प्रभावित न हो। मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments