भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज यानी 18 जनवरी 2026 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच पर करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकी होंगी, क्योंकि सभी एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी को एक्शन में देखना चाहते हैं। खास बात यह है कि इस मुकाबले के बाद दोनों दिग्गज खिलाड़ी करीब छह महीने तक वनडे क्रिकेट में नजर नहीं आएंगे।
टीम इंडिया ने नए साल की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी वनडे सीरीज से की थी। दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और अब तीसरा व आखिरी मैच फैंस के लिए बेहद खास बन गया है। रोहित और विराट लंबे समय से भारतीय क्रिकेट की रीढ़ रहे हैं, ऐसे में उनके फैंस के लिए यह मैच भावनात्मक रूप से भी अहम है।
वनडे के बाद टी20 में नहीं दिखेंगे रोहित-विराट
वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। हालांकि, इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा और विराट कोहली नजर नहीं आएंगे, क्योंकि दोनों खिलाड़ी पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में फैंस को उनकी झलक सिर्फ वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में ही देखने को मिलेगी।
अगली बार कब खेलेंगे रोहित-विराट?
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद रोहित और विराट लगभग छह महीने तक इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहेंगे। इस दौरान आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 और आईपीएल 2026 खेले जाएंगे, लेकिन ये दोनों टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट से अलग होंगे। जून 2026 में अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसी सीरीज में रोहित और विराट एक बार फिर भारतीय जर्सी में नजर आ सकते हैं।
हालांकि, इसमें भी अंतिम फैसला चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा कि वे दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को मौका देते हैं या उन्हें आराम देने का विकल्प चुनते हैं।
आगे का शेड्यूल भी रहेगा व्यस्त
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद टीम इंडिया जुलाई 2026 में इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद सितंबर में भारत को बांग्लादेश का दौरा करना है, हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए इस सीरीज पर संशय बना हुआ है। इसी महीने टीम इंडिया वेस्टइंडीज का भी दौरा करेगी, जहां तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी। फिर अक्टूबर-नवंबर में भारत न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगा।
कुल मिलाकर, रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस को अब उनकी अगली वनडे पारी देखने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। ऐसे में इंदौर का मुकाबला रो-को के चाहने वालों के लिए और भी ज्यादा खास बन जाता है।
Correspondent – Shanwaz Khan


