अगर आप नौकरीपेशा हैं और आपका पीएफ कटता है, तो आपके लिए यह खबर बेहद अहम है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही पीएफ निकालने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और आसान बनाने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब पीएफ खाताधारक UPI के जरिए सीधे अपने खाते से पैसा निकाल सकेंगे। उम्मीद है कि यह सुविधा 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो सकती है।
अब तक पीएफ निकालने की प्रक्रिया लंबी और समय लेने वाली मानी जाती थी। कई बार कर्मचारियों को फॉर्म भरने, दस्तावेज अपलोड करने और कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन UPI आधारित सिस्टम लागू होने के बाद यह प्रक्रिया उतनी ही सरल हो जाएगी, जितनी आज किसी को मोबाइल से पैसे भेजना।
कैसे निकलेगा UPI से पीएफ का पैसा?
EPFO की नई व्यवस्था मोबाइल बैंकिंग की तरह ही आसान होगी। पीएफ खाताधारक अपने अकाउंट में लॉगिन करके सबसे पहले यह देख पाएंगे कि उनके खाते में कितनी रकम उपलब्ध है और वे उसमें से कितनी राशि निकाल सकते हैं। इसके बाद उन्हें ‘UPI Withdrawal’ का विकल्प चुनना होगा।
UPI ऑप्शन चुनते ही खाताधारक को अपना UPI पिन डालकर रिक्वेस्ट कंफर्म करनी होगी। वेरिफिकेशन पूरा होते ही पीएफ की रकम सीधे लिंक बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में न तो किसी चेक की जरूरत होगी और न ही किसी ऑफलाइन फॉर्म की।
अधिकारियों के मुताबिक, रिक्वेस्ट अप्रूव होते ही कुछ ही समय में पैसा खाते में क्रेडिट हो जाएगा। इससे इमरजेंसी के समय कर्मचारियों को तुरंत राहत मिल सकेगी।
तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में
EPFO इस नई सुविधा के लिए अपने टेक्निकल सिस्टम को पूरी तरह अपग्रेड कर रहा है। मौजूदा सॉफ्टवेयर को UPI प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है ताकि ट्रांजैक्शन तेज, सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के पूरे हो सकें। श्रम मंत्रालय इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगातार नजर रखे हुए है।
डेटा सुरक्षा, फ्रॉड कंट्रोल और रियल-टाइम अपडेट जैसे फीचर्स पर खास ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस सुविधा के लागू होने के बाद पीएफ से जुड़ी शिकायतों में भी बड़ी कमी आएगी।
कर्मचारियों के लिए क्यों है यह सुविधा खास?
अक्सर देखा गया है कि अचानक मेडिकल, पारिवारिक या किसी अन्य जरूरी खर्च के लिए कर्मचारियों को पैसों की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में पीएफ निकालने की प्रक्रिया लंबी होने के कारण परेशानी बढ़ जाती थी। UPI विड्रॉल की सुविधा आने के बाद कर्मचारियों को कई दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
अब कुछ ही क्लिक में पीएफ की रकम सीधे बैंक खाते में मिल सकेगी, जिससे वित्तीय तनाव काफी हद तक कम होगा।
जल्द आएगी आधिकारिक अधिसूचना
इस नई सुविधा को लेकर EPFO जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। मंजूरी मिलते ही इसकी पूरी स्टेप-बाय-स्टेप गाइडलाइन भी जारी की जाएगी, ताकि हर खाताधारक आसानी से इसका इस्तेमाल कर सके।
कुल मिलाकर, UPI के जरिए पीएफ विड्रॉल की सुविधा कर्मचारियों के लिए एक बड़ा और क्रांतिकारी बदलाव साबित होने वाली है। यह न सिर्फ समय बचाएगी, बल्कि पीएफ सिस्टम को भी पूरी तरह आधुनिक और यूजर फ्रेंडली बनाएगी। अब इंतजार सिर्फ 1 अप्रैल का है, जब यह सुविधा देशभर के पीएफ खाताधारकों के लिए हकीकत बन सकती है।
Correspondent – Shanwaz Khan


