साल 2026 की शुरुआत के साथ आम लोगों की जेब पर महंगाई का नया बोझ आ गया है। नए साल के पहले ही दिन कई चीजों के दाम बढ़ गए हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में मामूली राहत भी मिली है। खासतौर पर खाना-पीना, परिवहन और ऑटो सेक्टर से जुड़ी वस्तुओं के दामों में बदलाव ने बजट को प्रभावित किया है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा, घरेलू पाइप गैस में राहत
दिल्ली सहित कई महानगरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह सिलेंडर 1691.50 रुपये का हो गया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट व्यवसायों पर पड़ेगा, जिससे बाहर भोजन करने का खर्च बढ़ सकता है।
वहीं, घरेलू उपयोग के लिए PNG गैस के उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने PNG की कीमत में 70 पैसे प्रति एससीएम की कटौती की है। अब यह दर 47.89 रुपये प्रति एससीएम निर्धारित की गई है।
ऑटो सेक्टर में बढ़े दाम
जनवरी 2026 से कई वाहन निर्माताओं ने अपनी कारों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। कच्चे माल के दाम में वृद्धि, रुपये की कमजोरी और लॉजिस्टिक खर्च बढ़ना इसके प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
- हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमतें 0.6% तक बढ़ाई हैं।
- रेनॉ इंडिया, मर्सिडीज-बेंज इंडिया, तथा JSW MG Motor India ने 2% तक की वृद्धि की घोषणा की है।
- निसान इंडिया ने अपनी कारों के दामों में 3% तक इजाफा किया है।
- BMW की लग्जरी कारें भी अब 3% तक महंगी हो चुकी हैं।
नई कीमतें लागू होने के बाद, कार खरीदने वालों की ईएमआई, बीमा प्रीमियम और टैक्स पर भी असर पड़ेगा। BYD की Sealion 7, Honda और MG के मॉडल्स भी अब अधिक कीमत पर मिलेंगे।
महंगाई के पीछे के कारण
अर्थशास्त्रियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी अचानक नहीं आई है। पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में क्रूड ऑयल, धातुओं और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के दाम लगातार बढ़े हैं। सप्लाई चेन की लागत और परिवहन खर्च भी बढ़ने से कंपनियों ने लागत उपभोक्ता पर डालनी शुरू की है।
वहीं, PNG गैस में राहत का कारण बेहतर वितरण व्यवस्था और सीमित सरकारी सब्सिडी माना जा रहा है।
आम जनता पर असर
खर्चों में यह बढ़ोतरी आम परिवारों के लिए चिंता का विषय बन गई है। आने वाले महीनों में यदि खाद्य पदार्थों और ईंधन की कीमतों पर भी असर पड़ा, तो बजट और बिगड़ सकता है। फिलहाल लोगों को घरेलू खपत और खर्चों में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
Corrospondent – Shanwaz khan


