तेलंगाना की राजधानी Hyderabad के Nallakunta इलाके से घरेलू हिंसा की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पति ने शक और विवाद के चलते अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात का सबसे भयावह पहलू यह रहा कि घटना घर के भीतर, मासूम बच्चों की मौजूदगी में अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम वेंकटेश है, जो लंबे समय से अपनी पत्नी त्रिवेणी पर शक करता था। इसी शक के कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। बताया जा रहा है कि विवाद हाल के दिनों में काफी बढ़ गया था। इसी दौरान एक दिन वेंकटेश ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे पेट्रोल से त्रिवेणी को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में घिरी त्रिवेणी दर्द से चीखती रही, लेकिन आरोपी ने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की।
घटना के वक्त मौजूद बेटी ने साहस दिखाते हुए अपनी मां को बचाने का प्रयास किया। वह आग बुझाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन वेंकटेश ने अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही बेटी को धक्का दे दिया, जिससे वह भी आग की चपेट में आ गई। किसी तरह बेटी जान बचाकर बाहर निकल आई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, त्रिवेणी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी वेंकटेश मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या और घरेलू हिंसा से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, वेंकटेश और त्रिवेणी का प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद आरोपी का शक बढ़ता चला गया, जिसके चलते त्रिवेणी को लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेलना पड़ा। परेशान होकर वह कुछ समय पहले मायके भी चली गई थी, लेकिन बाद में वापस लौट आई। दुर्भाग्यवश, लौटने के बाद ही यह दर्दनाक घटना घट गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के खतरनाक नतीजों को उजागर करता है, जिसने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया।
Corospondent – Shanwaz khan


