आईपीएल 2026 से पहले फ्रेंचाइजियों के मालिकाना हक को लेकर हलचल तेज हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बाद अब तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और जूही चावला–जय मेहता की ओनरशिप वाली KKR में हिस्सेदारी बेचने की तैयारी शुरू हो सकती है।
दरअसल, आईपीएल के 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में हुआ था। इस ऑक्शन के ठीक तीन दिन बाद KKR से जुड़ी यह चर्चा सामने आई है। अगर यह सौदा आगे बढ़ता है, तो आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले कोलकाता तीसरी ऐसी फ्रेंचाइजी बन जाएगी, जिसकी बिक्री या हिस्सेदारी में बदलाव की खबरें आ चुकी हैं। इससे पहले मौजूदा चैंपियन RCB और लीग की पहली विजेता राजस्थान रॉयल्स को लेकर भी ओनरशिप बदलने की अटकलें लग चुकी हैं।
KKR में क्या पूरी टीम बिकेगी?
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता नाइट राइडर्स में पूरी फ्रेंचाइजी बेचने की योजना नहीं है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि RCB और RR के मुकाबले KKR का मामला अलग है। जहां बेंगलुरु और राजस्थान में ओनरशिप पूरी तरह बदलने की तैयारी चल रही है, वहीं कोलकाता में सिर्फ एक छोटा हिस्सा बेचने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह हिस्सा मेहता ग्रुप की ओर से बेचा जा सकता है। हालांकि, अगर यह डील होती भी है, तो इससे फ्रेंचाइजी के कंट्रोल और मैनेजमेंट पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट का नियंत्रण पहले की तरह बना रह सकता है।
RCB और RR से कैसे अलग है KKR का मामला?
RCB की ओनर कंपनी डिएजियो पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह मार्च 2026 से पहले फ्रेंचाइजी की बिक्री प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स को लेकर भी ओनरशिप ट्रांसफर की चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं। इन दोनों टीमों के मुकाबले KKR में सिर्फ आंशिक हिस्सेदारी बेचने की बात सामने आई है, न कि पूरी फ्रेंचाइजी।
KKR की ओनरशिप स्ट्रक्चर क्या है?
कोलकाता नाइट राइडर्स को नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के तहत संचालित किया जाता है। इसमें शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि जूही चावला और उनके पति जय मेहता की मेहता ग्रुप के पास 45 प्रतिशत हिस्सा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल मेहता ग्रुप ही अपने हिस्से का एक छोटा भाग बेचने पर विचार कर रहा है।
IPL की सबसे पुरानी और सफल टीमों में से एक KKR
KKR आईपीएल की उन आठ मूल फ्रेंचाइजियों में शामिल है, जिनके साथ साल 2008 में लीग की शुरुआत हुई थी। शाहरुख खान, जूही चावला और जय मेहता ने इस टीम को उस समय 75 मिलियन डॉलर यानी करीब 298 करोड़ रुपये में खरीदा था। तब यह आईपीएल की सातवीं सबसे महंगी टीम थी।
मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो KKR ने 2012 में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती, फिर 2014 में खिताब अपने नाम किया और 10 साल बाद 2024 में तीसरी बार चैंपियन बनकर अपनी मजबूत पहचान साबित की।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2026 से पहले KKR में हिस्सेदारी बिक्री की यह खबर महज अटकल बनकर रह जाती है या वाकई कोलकाता नाइट राइडर्स के ओनरशिप स्ट्रक्चर में कोई बदलाव देखने को मिलता है।
Correspondent – Shanwaz khan


