Wednesday, March 4, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरी‘वाकई बेहद खूबसूरत है यह जगह…’ वनतारा की तारीफ में बोले लियोनल...

‘वाकई बेहद खूबसूरत है यह जगह…’ वनतारा की तारीफ में बोले लियोनल मेसी, भारत दोबारा आने का किया वादा

दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में शुमार लियोनल मेसी का भारत दौरा सिर्फ फुटबॉल इवेंट्स तक सीमित नहीं रहा। GOAT टूर ऑफ इंडिया के तहत चार बड़े शहरों में कार्यक्रमों के बाद मेसी गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भी पहुंचे, जहां का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। वन्यजीवों के संरक्षण और देखभाल के लिए बनाए गए इस केंद्र ने मेसी को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने इसकी खुलकर तारीफ की और भविष्य में फिर भारत आने का वादा भी किया।

भारत के चार शहरों में दिखा मेसी का जादू

लियोनल मेसी की भारत यात्रा की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहां उन्हें देखने के लिए हजारों फैंस उमड़ पड़े। इसके बाद वह हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली पहुंचे। हर शहर में मेसी के दीदार के लिए फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस व्यस्त और शोरगुल भरे शेड्यूल के बाद मेसी ने सुकून भरे अनुभव के लिए जामनगर के वनतारा का रुख किया।

क्या है वनतारा

वनतारा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और रिलायंस फाउंडेशन की पहल है, जो वन्यजीवों के बचाव, पुनर्वास और आजीवन देखभाल के लिए समर्पित है। यहां घायल, बीमार और संकट में पड़े जानवरों को न सिर्फ सुरक्षित वातावरण मिलता है, बल्कि अत्याधुनिक चिकित्सा और विशेषज्ञों की देखरेख भी उपलब्ध कराई जाती है।

जानवरों के बीच बिताया खास समय

वनतारा पहुंचकर मेसी ने यहां मौजूद जानवरों के साथ काफी वक्त बिताया। उन्होंने शेरों को बेहद करीब से देखा और उनकी देखभाल की प्रक्रिया को समझा। मेसी ने पशु चिकित्सकों और केयरटेकरों से बातचीत कर यह जाना कि किस तरह जानवरों को बचाकर यहां लाया जाता है और फिर उन्हें स्वस्थ जीवन दिया जाता है।

इस दौरान एक बेहद खास पल तब आया, जब मेसी ने मानेकलाल नाम के हाथी के बच्चे के साथ फुटबॉल खेला। त्रिपुरा से लाए गए इस हाथी को विशेष इलाज और देखभाल के लिए वनतारा में रखा गया है। फुटबॉल देखकर हाथी भी उत्साहित हो गया और मेसी के साथ खेलते हुए उसने सबका दिल जीत लिया।

भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से भी हुए रूबरू

वनतारा में मेसी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से भी परिचित कराया गया। उन्होंने मंदिर में दर्शन किए, शिवलिंग पर दूध चढ़ाया और ध्यान (मेडिटेशन) भी किया। यह अनुभव मेसी के लिए नया और बेहद प्रभावशाली रहा, जिसे उन्होंने शांत और सुकून देने वाला बताया।

मेसी ने की खुलकर तारीफ

वनतारा के अनुभव पर बात करते हुए मेसी ने कहा,
“वनतारा जो काम कर रहा है, वह सच में बहुत खूबसूरत है। जानवरों को बचाने, उनकी देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित जीवन देने का तरीका बेहद प्रेरणादायक है। हमने यहां बहुत अच्छा समय बिताया और पूरे वक्त खुद को सहज महसूस किया। यह एक ऐसा अनुभव है जो लंबे समय तक याद रहता है। हम इस सार्थक काम को समर्थन देने और प्रेरित होने के लिए जरूर फिर लौटेंगे।”

मेसी के इस बयान ने न सिर्फ वनतारा की अहमियत को दुनिया के सामने रखा, बल्कि भारत के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को भी वैश्विक पहचान दिलाई।

Correspondent – Shanwaz khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments