अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने कहा कि यदि यह संघर्ष इसी तरह बढ़ता रहा तो दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ सकती है। ट्रंप ने दावा किया कि सिर्फ पिछले महीने इस युद्ध में लगभग 25,000 लोगों की मौत हुई है, जिनमें ज्यादातर सैनिक शामिल हैं। उन्होंने इन मौतों पर गहरी संवेदना व्यक्त की और युद्ध को तुरंत रोकने की जोरदार अपील की।
ट्रंप ने स्पष्ट कहा, “मैं चाहता हूं कि यह हत्याएं तुरंत बंद हों। पिछले महीने 25,000 सैनिक मारे गए, यह संख्या बेहद डरावनी है। हम इस संघर्ष को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। अगर दुनिया इसी तरह शक्ति प्रदर्शन करती रही तो अंततः हालात तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ सकते हैं, और यह हम बिल्कुल नहीं चाहते।” उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों का रवैया निराशाजनक है क्योंकि कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने भी ट्रंप की चिंता को दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रपति रूस और यूक्रेन दोनों से बेहद निराश हैं। उनके अनुसार, दोनों देशों के नेताओं से बार-बार बातचीत के बावजूद सीजफायर पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है। लीविट ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप अब केवल बैठकों या औपचारिक चर्चाओं से संतुष्ट नहीं हैं। वे ठोस कार्रवाई चाहते हैं। उनका लक्ष्य है कि यह युद्ध जल्द से जल्द समाप्त हो।”
ट्रंप प्रशासन शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रपति ने हाल ही में यूरोपीय नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की है। इसके साथ ही विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनकी टीम रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों से लगातार संवाद कर रही है, ताकि युद्धविराम की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यदि शांति समझौता तैयार होता है, तो अमेरिका सुरक्षा ढांचे के तहत यूक्रेन को सहायता देने के लिए तैयार रहेगा। हालांकि उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के रवैये पर नाराजगी जताई, यह कहते हुए कि जेलेंस्की ने अमेरिकी शांति प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार नहीं किया, जिससे कीव पर कूटनीतिक दबाव और बढ़ गया है।
डोनाल्ड ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब युद्ध तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है और दोनों देशों की सेनाएं लगातार नुकसान झेल रही हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी बढ़ती अस्थिरता से चिंतित है, लेकिन अभी तक कोई निर्णायक समाधान सामने नहीं आया है। ट्रंप का संदेश इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक नई कूटनीतिक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
| Correspondent – Shanwaz khan |


