हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार (8 अक्टूबर) को उस समय हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के जरिए तीन अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन, पुलिस और सिक्योरिटी एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। राहत की बात यह रही कि सभी विमान सुरक्षित लैंड कर चुके थे और यात्रियों को बिना किसी देरी के बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, धमकी जिस ईमेल आईडी पर भेजी गई, वह एयरपोर्ट की कस्टमर सपोर्ट मेल है। ईमेल में स्पष्ट रूप से इंडिगो, लुफ्थांसा और ब्रिटिश एयरवेज की उड़ानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों विमानों को आइसोलेशन बे में भेजा और जांच शुरू की।
धमकी प्राप्त उड़ानों में केरल के कन्नूर से हैदराबाद पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E7178 शामिल थी। इसके अलावा लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-752 तथा ब्रिटिश एयरवेज की लंदन-हैदराबाद उड़ान को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। तीनों विमानों की लैंडिंग सुरक्षित तरीके से कराई गई और यात्रियों को एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया।
सभी विमानों की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा गहन तलाशी ली जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को जांच में लगाया गया है।
इस घटना से पहले ही इंडिगो एयरलाइन लगातार परिचालन संकट से जूझ रही है। एक सप्ताह से चल रही उड़ानों की रद्दीकरण और देरी ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल रखा है। केवल सोमवार को ही बेंगलुरु एयरपोर्ट से इंडिगो की 62 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 65 आगमन वाली उड़ानें भी रद्द रहीं। इस संकट के बीच बम धमकी वाले ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों के लिए हालात को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
Correspondent – Shanwaz khan


